जम्मू कश्मीर में कोरोना से निपटने के लिए लॉकडाउन के चलते जरूरमंद परिवारों को राहत देने के लिए प्रदेश भाजपा की मुहिम वीरवार से शुरू हो गई। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने सभी पूर्व विधायकों, जिला व मंडल प्रधानों को अपने इलाकों में गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों की पहचान कर 22-22 किलो राशन उपलब्ध करने की दिशा में काम करने की हिदायत दी है। भाजपा की राशन में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, दो किलो दालें व खाने का तेल देने की योजना है। भाजपा नेता अपने इलाकों में लोगों से राशन एकत्र कर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाएगी। यह रणनीति भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं से बैठक में बनाई।
जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए प्रदेश भाजपा की हेल्पलाइन ने काम करना शुरू कर दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष र¨वद्र रैना द्वारा शुरू कई हेल्पलाइन का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी मोबाइल नंबर 9419197280 व अभियानों के प्रभारी अजय परगाल अपने मोबाइल नंबर 9419122949 से करेंगे। पार्टी नेता हेल्पलाइन से लोगों की मुश्किलों का समाधान करने की दिशा में काम करेंगे। महिला मोर्चा ने जम्मू शहर में अभियान चलाकर लोगों से राशन जुटाकर गरीबों तक पहुंचाया। कई भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी जरूरमंदों की सहायता के लिए राशन दिया। संभाग के अन्य जिलों में भाजपा कार्यकर्ता लोगों की मदद करने के लिए घरों से निकले। ऐसा करते समय सुनिश्चित किया कि कोरोना की रोकथाम संबंधी हिदायतों का पालन किया जाए रैना ने बताया कि प्रदेश में धारा 144 लगी हुई है, ऐसे में नियमों को ध्यान में रखकर कार्रवाई करते हुए प्रशासन को सहयोग किया जा रहा है। कार्यकर्ता कोरोना से निपट रहे स्वास्थ्य विभाग को सहयोग दे रहे हैं।
