दिल्ली की तब्लीगी जमात में शामिल लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद रेड जोन घोषित करके सील किए गए मस्जिदों के आसपास के एक किलोमीटर दायरे में रविवार तक 28000 से ज्यादा घरों का सर्वे पूरा कर लिया गया। चमनगंज, बाबूपुरवा, कर्नलगंज, बजरिया-नौबस्ता आदि क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और नगर निगम की सौ से अधिक संयुक्त टीम ने इलाकों को सैनिटाइज करने के साथ ही घरों की जांच की। पूरे दिन सभी इलाकों में आवागमन बंद रहा। बाबूपुरवा में सबसे ज्यादा घरों की जांच हुई।
एसीएम अमित कुमार ने बताया कि बाबूपुरवा में शनिवार व रविवार को 100 टीमों की मदद से सुफ्फा मस्जिद के एक किमी दायरे में घोषित रेड जोन एरिया में कुल 21838 घरों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। दो लोग ऐसे मिले हैं, जो एक मार्च को सऊदी अरब से आए थे, उन्हें होम क्वारंटाइन कराया गया है। इसी तरह रविवार को कर्नलगंज शेख हुमायूं मस्जिद के एक किमी. दायरे में करीब पांच हजार परिवारों में सर्वे किया गया।
