राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में 18 विदेशी मौलवियों के रहने की जानकारी पर पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर क्वारंटाइन किया। पकड़े गए सभी मौलवी ब्रिटिश नागरिक बताया जा रहे हैं। सभी विदेशी एक साथ हिंदपीढ़ी के बड़ी मस्जिद में रुके थे। उनके साथ दिल्ली के दो, हैदराबाद के एक और रांची के दो युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। इन सभी लोगों को कोरोना वायरस महामारी का संदिग्ध मानते हुए रांची के खेलगांव स्थित आइसोलेशन सेंटर में शिफ्ट किया गया है।
रांची डीसी राय महिमापत रे के निर्देश पर एसडीओ और हिंदपीढ़ी थाने की पुलिस मस्जिद में मेडिकल टीम के साथ पहुंची और सभी विदेशियों को क्वारंटाइन किया गया। फिलहाल सभी के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। उनके पासपोर्ट और वीजा की भी गहन जांच चल रही है। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को जानकारी दी है कि विदेश से तबलीग जमात के लिए वे सभी आए थे। इसकी सूचना डीसी को मिलने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर क्वारंटाइन किया गया है। मेडिकल टीम ने सभी विदेशियों की स्वास्थ्य जांच भी की है।