भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 1071 हो गई है। वहीं, 29 मरीजों की मौत हो गई है। हालांकि, कोरोना वायरस संक्रमित 99 लोग भारत में ठीक भी हो चुके हैं। केरल में मरीजों की संख्या 194 हो गई है। महाराष्ट्र में अब तक 193 मामले सामने आ गए हैं। उत्तर प्रदेश अब तक 75 मामले सामने आए हैं। कर्नाटक में 80 मामले सामने आए हैं। अच्छी बात यह है कि भारत में अभी तक इस महामारी का कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हुआ है। इस बीच, एक बड़ी खबर ये आई है कि देश में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को बढ़ाए जाने की खबरों पर कैबिनेट सेक्रटरी राजीव गौबा ने हैरानी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन को बढ़ाने का फिलहाल कोई विचार नहीं है।
इधर, देश की राजधानी में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में इजाफा हो सकता है। दिल्ली के लोक नायक अस्पताल में कल रात को 85 कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज भर्ती हुए हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में 106 संदिग्ध भर्ती हैं। बता दें कि दिल्ली में मरीजों की संख्या 49 है। इनमें से 6 लोग ठीक हो गए हैं और दो की मौत हो गई है। अगर लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराए गए लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जाते हैं, तो दिल्ली में आंकड़ा 100 के पार जा सकता है
