लोगों की चहलकदमी से हमेशा गुलजार रहने वाले मिनी महानगर में लॉकडाउन की वजह से पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। जीटी रोड से लेकर वार्डो की गलियां तक सूनी पड़ी हुई हैं। इक्का-दुक्का लोग सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। घुमंतू बच्चे फुटपाथ पर रह रहे हैं। कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोग घरों में रहना मुनासिब समझ रहे हैं।
जनता कर्फ्यू के बाद 14 अप्रैल तक के लिए पूरे देश में लॉकडाउन कर दिया गया है। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन किया गया है ताकि लोग घरों से बाहर न निकलें। ऐसी स्थिति में नगर में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। गलियों में भी पूरी तरह से सियापा छाया हुआ है। सुबह सात से नौ बजे तक आवश्यक सामान की दुकानें खुल रही हैं। इस अवधि तक लोग सड़कों पर देखे जा रहे हैं। इसके बाद घरों में कैद हो जा रहे हैं। फुटपाथ पर घुमंतू बच्चे निवास कर रहे हैं। समाजसेवी इन बच्चों को भोजन उपलब्ध करा रहे हैं।
